


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। बिलरियागंज थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार तड़के दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की भोर करीब 2:39 बजे उपनिरीक्षक इसरार अहमद खान और उपनिरीक्षक प्यारे राम अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि बिंदवल से लोहसरवा मार्ग की ओर दो व्यक्ति अवैध असलहों के साथ पैदल आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने लोहसरवा मोड़ के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की।कुछ देर बाद दो व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों पीछे मुड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक अवैध तमंचा .315 बोर बरामद हुआ। वहीं उनके पास से दो जिंदा कारतूस भी मिले।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद तारिक पुत्र कुद्दुश, निवासी बिंदवल और शहनवाज उर्फ शेरु पुत्र मोहम्मद अहमद, निवासी खानकाह, थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 212/2026, धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
