महिला से छेड़खानी और सिपाही से मारपीट करने के मामले में जिला पंचायत सदस्य सहित दो गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव,आजमगढ़। जिले के महराजगंज कोतवाली परिसर स्थित फायर स्टेशन गेट के पास रविवार देर शाम चाय दुकानदार की पत्नी से छेड़खानी का विरोध करने पर सिपाही से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य फौजदार यादव और मोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है।आपको बता दें कि महराजगंज ब्लॉक के रुद्रपुर क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा कार्यकर्ता फौजदार यादव रविवार देर शाम नशे की हालत में फायर स्टेशन गेट के पास स्थित चाय की दुकान पर पहुंचे। वहां उन्होंने दुकानदार की पत्नी से गाली-गलौज एवं छेड़खानी शुरू कर दी। उसी दौरान थाना में तैनात सिपाही अभिषेक पांडेय अपनी दो वर्षीय बेटी को दवा दिलाने जा रहे थे। जब उन्होंने घटना का विरोध किया तो आरोपितों को यह बात नागवार लगी और उन्होंने सिपाही पर हमला कर दिया। फौजदार यादव हाल ही में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत चुनाव जीतने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने भाजपा समर्थित उम्मीदवार बिंदेश्वरी जायसवाल को हराया था। अब यह मामला पार्टी के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है। क्षेत्र में लोग इसे दबंगई और सत्ता के दुरुपयोग से जोड़कर देख रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और थाने पर भारी भीड़ जुट गई। वहीं इस पूरे मामले पर SP ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि एक महिला की तहरीर पर जिला पंचायत सदस्य के खिलाफ मुकदमा लिखा गया था। महिला के साथ जिला पंचायत सदस्य ने अभद्र व्यवहार किया। वहां मौजूद सिपाही ने रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। महिला और सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *