

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र में महिला को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में पुलिस ने वांछित ससुर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामचन्द्र यादव (56) निवासी ग्राम फरीदाबाद, थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। पुलिस मामले में अन्य नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है।पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर को रानी की सराय थाना क्षेत्र के ग्राम चकसेठवल निवासी अमित यादव ने अपनी बहन अन्तिमा यादव को ससुराल पक्ष द्वारा कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना देने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, महिला ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।इस मामले में निजामाबाद थाने में मुकदमा अपराध संख्या 268/2026 के तहत बीएनएस की धारा 85, 115(2) और 108 में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें मृतका के ससुर रामचन्द्र यादव, ननद पूजा यादव व गुन्जा यादव, देवर आशीष यादव और ननदोई अमित यादव को नामजद किया गया था।22 अक्टूबर को उपनिरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम फरीदाबाद स्थित घर से आरोपी रामचन्द्र यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
