

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ जिले के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र के सरायमीर में खेरवा मोड़ से दीदारगंज की तरफ जाने वाली सड़क की बदहाल हालत को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क जर्जर है, लेकिन अब तक जिम्मेदारों की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया है।स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का दावा है कि इस मार्ग पर कई बार हादसे भी हो चुके हैं और कुछ दुर्घटनाओं में लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बावजूद सड़क की हालत में सुधार नहीं हुआ।वहीं, सड़क के किनारे स्थित एक अस्पताल के कारण भी यहां जाम और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों और तीमारदारों के वाहन सड़क किनारे खड़े हो जाते हैं। ऐसे में गड्ढों और जलभराव के बीच वाहनों के निकलने से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव नजदीक आने के साथ सड़क की बदहाली को लेकर लोगों का आक्रोश भी सामने आने लगा है। उनका सवाल है कि आखिर इस सड़क की मरम्मत कब होगी और उन्हें सुरक्षित आवागमन की सुविधा कब मिलेगी?अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि इस समस्या का संज्ञान लेकर सड़क की मरम्मत कराते हैं या फिर खेरवा मोड़ की यह बदहाल सड़क यूं ही लोगों के लिए परेशानी और हादसे का कारण बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दिया कि अगर जल्द ही सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आगामी विधानसभा चुनाव में वोट नहीं देकर अपने आक्रोश का इजहार करेंगे।
