

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और जान से मारने की नीयत से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा उपाध्याय (27) पुत्र रामबचन निवासी ग्राम घोरठ, थाना सिधारी, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को नाथूपुर निवासी अनमोलचन्द दूबे पुत्र स्वर्गीय सूर्यभान दूबे ने थाना सिधारी में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनकी बहन सोनम को उसके ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट भी की गई।मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 467/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 85 बीएनएस एवं 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक शिवम द्विवेदी पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटे थे। इसी बीच सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित जानकारी लेने के लिए आरोपी थाने में मौजूद है। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना परिसर से ही दोपहर करीब 1:15 बजे कृष्णा उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम द्विवेदी, हेड कांस्टेबल सुजीत कुमार सिंह और कांस्टेबल सत्यम श्रीवास्तव शामिल रहे।
