




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। ऑनलाइन गेमिंग ऐप “51GAME” के नाम पर 9.25 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और 1900 रुपये नकद बरामद हुए हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना साइबर क्राइम टीम ने कार्रवाई करते हुए भोजपुर, बिहार निवासी अविनाश विजय को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर गांव निवासी मनोज यादव से ऑनलाइन गेमिंग के जरिए 9.25 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई थी। इस मामले में थाना साइबर क्राइम पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दुकान और फर्म के नाम पर मर्चेंट क्यूआर स्कैनर तैयार करता था। ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगाकर अपने खाते में ट्रांसफर कर नकद निकाल लेता था और कुछ रकम अन्य साथियों को भेज देता था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी टीम में महिला निरीक्षक विभा पाण्डेय समेत साइबर क्राइम थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
