

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए लालगंज की एसडीएम नेहा मिश्रा ने क्षेत्र के प्रमुख घाटों और पोखरों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, चूने से मार्किंग, आने-जाने के रास्तों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और गोताखोरों की तैनाती सहित सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम नेहा मिश्रा ने छठ पूजा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा जलाशयों के आसपास सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही पुलिस प्रशासन की ड्यूटी व्यवस्था को लेकर भी निरीक्षण किया गया।एसडीएम नेहा मिश्रा ने जिन प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया, उनमें हनुमानगढ़ी घाट, खाकी बाबा एवं रामजानकी मंदिर घाट (मसीरपुर), धमरिया पार्क (गोला बाजार) तथा रटेश्वर महादेव मंदिर घाट (रेतवा चंद्रभानपुर) शामिल रहे। इस अवसर पर थाना देवगांव के प्रभारी निरीक्षक, नगर पंचायत कटघर लालगंज के चेयरमैन प्रतिनिधि, नगर पंचायत के कर्मचारी सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
