


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ के मेंहनगर थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न, मारपीट और सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी गुलाब यादव से हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा। पहले भी मामला दर्ज हुआ, लेकिन समझौता कर लिया गया था। आरोप है कि दोबारा ससुराल जाने पर पति, सास, ससुर और ननदों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद वह मायके लौट आई।इतना ही नहीं, आरोपी पति पर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता की अश्लील फोटो वायरल करने का भी आरोप है। इस मामले में मेंहनगर थाना पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और 15 अप्रैल को आरोपी गुलाब यादव को उसके गांव मौलिया से गिरफ्तार कर लिया।
