




गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। देश और प्रदेश में बढ़ती सुरक्षा सतर्कता के बीच गुरुवार को एटीएस की कार्रवाई से आजमगढ़ एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने जिले के दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोनों पर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान से जुड़े कुछ संदिग्ध हैंडल्स के संपर्क में रहने का आरोप है।जानकारी के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के खुदादादपुर गांव निवासी मोहम्मद अहमद पुत्र रेहान अहमद तथा सरायमीर थाना क्षेत्र के पठान टोला निवासी आजम सैफी पुत्र नय्यर जमाल को ATS टीम ने उठाया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मोहम्मद अहमद गुरुवार सुबह करीब सात बजे रेहान बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान पर मौजूद था, तभी अचानक ATS की टीम पहुंची और उसे अपने साथ लेकर चली गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टीम ने बताया कि दोनों युवकों पर पाकिस्तान के कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स से व्हाट्सएप व अन्य माध्यमों से संपर्क में रहने का संदेह है। बताया जा रहा है कि खुफिया एजेंसियां काफी समय से इनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं और दिल्ली से मिले इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।सूत्रों की मानें तो ATS दोनों युवकों को पूछताछ के लिए प्रयागराज ले गई है। सूत्रों के अनुसार एटीएस ने आजमगढ़ से 5 मऊ से एक और बलिया से एक युवक को पकड़ा था जिनमें से आजमगढ़ के तीन युवकों और मऊ बलिया के युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया जबकि आजमगढ़ के दो युवकों को हिरासत में लिया गया। वहीं चर्चा यह भी है कि जिले के कुछ अन्य युवक भी जांच एजेंसियों के रडार पर हैं। एटीएस की इस कार्रवाई के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।निजामाबाद थाना क्षेत्र की फरिहां पुलिस चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्रा ने बताया कि मोहम्मद अहमद को ATS द्वारा प्रयागराज ले जाए जाने की जानकारी मिली है। हालांकि उन्होंने अन्य किसी युवक के संबंध में आधिकारिक जानकारी होने से इनकार किया है।फिलहाल मामले में ATS अथवा जिला प्रशासन की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही हैं।
