



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना जहानागंज क्षेत्र के ग्राम ताड़ी में जमीन बंटवारे और पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के चलते दोनों पक्षों के कुल 16 लोगों को गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार गुरुवार को ग्राम ताड़ी में जमीन बंटवारे को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट की स्थिति तक पहुंच गई। मौके पर पहुंची थाना जहानागंज पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति शांत नहीं हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 16 लोगों को मौके से गिरफ्तार कर धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए एसडीएम सदर न्यायालय भेज दिया।पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए लोगों में पवन राजभर, संध्या राजभर, रविन्द्र राजभर, सुनील राजभर सहित प्रथम पक्ष के 9 लोग तथा अमलेश राजभर, विजई राजभर, अमीन राजभर और कमलेश राजभर समेत दूसरे पक्ष के 7 लोग शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम ताड़ी थाना जहानागंज के निवासी बताए गए हैं।गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह एवं थाना जहानागंज पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
