

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी टी-20 स्टेट चैंपियनशिप का शुभारंभ उत्साह के साथ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला सोमवार सुबह 9 बजे VSSH आजमगढ़ और वेदांत क्रिकेट क्लब गाजीपुर के बीच खेला गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि विजय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. मनीष त्रिपाठी ने किया।मैच में गाजीपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी VSSH आजमगढ़ की टीम ने निर्धारित पारी में 140 रन का स्कोर खड़ा किया। आजमगढ़ की ओर से ध्रुव तोमर ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 12 गेंदों पर पांच छक्कों की मदद से 32 रन बनाए। वहीं, धनंजय यादव ने शानदार धैर्य का परिचय देते हुए 54 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से नाबाद 43 रन की पारी खेली और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। गाजीपुर की ओर से प्रवीण, दिव्यांश और अभिषेक ने एक-एक विकेट हासिल किया।141 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेदांत क्रिकेट क्लब गाजीपुर की टीम आजमगढ़ के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19.2 ओवर में 120 रन पर ऑलआउट हो गई। गाजीपुर की ओर से राज्यवर्धन ने सर्वाधिक 40 रन बनाए।आजमगढ़ की ओर से श्रवण सरोज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3.2 ओवर में महज 15 रन देकर चार विकेट झटके। वहीं, वैभव ने तीन ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। दोनों गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत VSSH आजमगढ़ ने यह मुकाबला 20 रन से अपने नाम कर लिया।मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए श्रवण सरोज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में आजमगढ़ की टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
