

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और सपा के चुनावी घोषणा पत्र पर निशाना साधा। उन्होंने पांच साल में 25 लाख नौकरियां देने के वादे को कोरी बकवास बताते हुए कहा कि सपा ने अपने पिछले कार्यकाल में जनता से किए गए 25 प्रतिशत वादे भी पूरे नहीं किए। अनिल राजभर ने कहा कि वर्ष 2007 से 2012 और 2012 के चुनाव के दौरान भी समाजवादी पार्टी ने नौजवानों से रोजगार को लेकर बड़े-बड़े वादे किए थे। अखिलेश यादव की सरकार ने पांच साल में 1 लाख 38 हजार सरकारी नौकरियां दीं, जबकि भाजपा सरकार ने पिछले नौ वर्षों में 9 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि सपा 25 लाख नौकरियां देने के लिए संसाधन कहां से जुटाएगी। अखिलेश यादव के संविधान से देश चलने वाले बयान पर पलटवार करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार काम कर रही है। उन्होंने सपा पर संविधान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर सपा के नेताओं ने आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। कन्नौज में बाबा साहब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज से उनका नाम हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया। हर जिले के लिए अलग घोषणा पत्र जारी करने के सवाल पर अनिल राजभर ने कहा कि सपा चाहे जितने घोषणा पत्र जारी कर ले, जनता को उसके वादों पर भरोसा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने अपने लोक संकल्प पत्र के 95 प्रतिशत से अधिक वादे पूरे कर दिए हैं और शेष वादे भी अगले एक महीने में पूरे कर लिए जाएंगे। राज्य शिक्षा नीति को लेकर उन्होंने कहा कि सपा को पहले राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उनके अनुसार सपा के शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई थी और अब वह शिक्षा की बात कर रही है। रोजगार और अपराध के मुद्दे पर सपा के आरोपों को अनिल राजभर ने खारिज किया। उन्होंने कहा कि सपा को न संविधान, न नौजवानों, न किसानों और न ही महिलाओं की चिंता है। सपा की सरकारों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते रहे हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की कोई राजनीतिक हैसियत नहीं है। सपा के अपमान के बावजूद कांग्रेस उसका साथ नहीं छोड़ेगी।अंत में अनिल राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी का हालिया चुनावी घोषणा पत्र हास्यास्पद है और जनता उसके वादों से गुमराह होने वाली नहीं है।
