आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, गोवध के आरोपी दो बदमाश घायल गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में गोवध और पशु क्रूरता से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।बताया जा रहा है कि 20/21 मार्च की रात ग्राम बम्हौर निवासी उषा देवी के आम के बाग से एक बछड़े की चोरी कर उसका वध कर दिया गया था। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। विवेचना के दौरान इमरान उर्फ लड्डू (28) और कासिद (21) का नाम सामने आया।पुलिस के अनुसार, 25/26 मार्च की रात चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी बाइक से क्षेत्र में आ रहे हैं। पुलिस ने गजहड़ा स्थित बावन बीघा मैदान के पास घेराबंदी की। रोकने पर आरोपी भागने लगे और पीछा करने पर बाइक गिरने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अवस्था में दोनों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी दिन में पशुओं की रेकी करते थे और रात में चोरी कर एकांत स्थान पर गोवध कर मांस बेचते थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *