आजमगढ़ में राहवीर योजना को लेकर यातायात पुलिस का जागरूकता अभियान, घायलों की मदद करने पर मिलेंगे ₹25 हजार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

नरौली तिराहे पर वाहन चालकों और राहगीरों को बांटे गए पंपलेट, मददगार को मिलेगा कानूनी संरक्षण

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत शुक्रवार को यातायात पुलिस ने शहर के नरौली तिराहे पर राहवीर योजना (पूर्व में गुड समैरिटन योजना) को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों, ऑटो-ई-रिक्शा चालकों तथा राहगीरों को पंपलेट वितरित कर योजना की जानकारी दी गई।यातायात पुलिस ने लोगों को बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद पहले एक घंटे यानी गोल्डन ऑवर में अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने वाले नेक नागरिक को सरकार की ओर से 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। साथ ही, मदद करने वाले व्यक्ति को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 134A के तहत कानूनी संरक्षण भी मिलता है।अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति भी जागरूक किया गया।यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने से पीछे न हटें। समय पर मिली मदद किसी की जिंदगी बचा सकती है। मानवता का परिचय दें और राहवीर बनकर दूसरों की जान बचाने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *