

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिशूल के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना जहानागंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में 52 किलो 607 ग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है।आपको बता de की 26 नवंबर को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम सीही में निर्माणाधीन बाउंड्री और बरगद के पेड़ के पास घेराबंदी कर एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पांच बंडलों में रखा 52.607 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बृजेश राजभर उर्फ धर्मू राजभर, निवासी ग्राम जानकीपुर, थाना तहबरपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल और 520 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस मामले में तस्करी के तरीके को लेकर यह जानकारी सामने आई है कि दिव्यांग व्यक्तियों को ढाल बनाकर गांजे का कारोबार किया जाता था। बताया जा रहा है कि दिव्यांगों पर शक नहीं होने का फायदा उठाकर गांजे की सप्लाई रिटेल दुकानों के माध्यम से की जाती थी। हालांकि, पुलिस की जारी प्रेस विज्ञप्ति में इस पूरे नेटवर्क और दिव्यांग व्यक्तियों की भूमिका का विस्तृत विवरण नहीं दिया गया है। इस पहलू की पुष्टि और अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की जांच जरूरी है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2013 में थाना बिलरियागंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्तमान मामले में थाना जहानागंज में मुकदमा संख्या 248/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और एएसपी सदर ईश्वर लाल गुर्जर के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में की गई।फिलहाल पुलिस गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी है।
