जनगणना 2027: मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने स्वयं की स्व-गणना कर अभियान का किया शुभारंभ

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। भारत सरकार द्वारा संचालित जनगणना 2027 के अंतर्गत आजमगढ़ मंडल एवं जनपद में “स्व-गणना” अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। मंडलायुक्त एवं मंडल जनगणना अधिकारी विवेक ने कार्यालय मंडलायुक्त में स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर मंडलीय स्व-गणना अभियान की शुरुआत की।मंडलायुक्त विवेक ने कहा कि पहली बार आम नागरिकों को मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना करने की सुविधा दी गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बनेगी। उन्होंने लोगों से “चलो निभाएं अपनी जिम्मेदारी, करें जनगणना में भागीदारी” का आह्वान किया।इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी रविंद्र कुमार ने भी स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं का विवरण भरकर जनपद स्तरीय अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि यह अभियान 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं की गणना करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “स्वयं करें स्व-गणना, दूसरों को भी करें जागरूक।” उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं के निर्माण में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।इस दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने भी पोर्टल पर अपनी जानकारी भरकर स्व-गणना की। वहीं सांसद लालगंज दरोगा सरोज, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, राम सूरत राजभर सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी अभियान में सहभागिता की और लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया।जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपनी और अपने परिवार की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्व-गणना प्रक्रिया सरल, सुरक्षित और समय की बचत करने वाली है, जिससे पारदर्शी एवं सटीक जनगणना सुनिश्चित होगी।विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने भी स्व-गणना पोर्टल पर अपना विवरण भरकर अभियान में भाग लिया तथा विकास भवन के अधिकारियों और कर्मचारियों की स्व-गणना कराई।अभियान के प्रथम दिवस को “राजस्व एवं प्रशासन/जनप्रतिनिधि दिवस” के रूप में मनाया गया, जिसके तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्व-गणना कर जनजागरूकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *