

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार आजमगढ़ में भाजपा जीत का सिक्सर लगाएगी और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।दरअसल, केशव प्रसाद मौर्य आज आजमगढ़ पहुंचे थे। मुहम्मदपुर के रानीपुर रजमों स्थित रामदेव मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बने हेलीपैड पर आगमन के बाद वह गंभीरपुर के पास अवधेश कुमार मौर्य के आवास पहुंचे। इसके बाद बरदह थाना क्षेत्र के जिवली गांव में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के आवास पर पहुंचकर उनकी दिवंगत माता को श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।मीडिया से बातचीत के दौरान केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव के कानून व्यवस्था को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल को लेकर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि योगी सरकार में कानून से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हुई है और आगे भी होती रहेगी।वहीं UCC कानून को लेकर विपक्ष की चिंता पर केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर समाज को अगड़ा-पिछड़ा और पिछड़ा-दलित के नाम पर बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के नारे का जिक्र करते हुए 2047 तक विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य पूरा होने की बात कही।UPI पर टैक्स लगाए जाने के सवाल पर उपमुख्यमंत्री ने इसे फर्जी दुष्प्रचार बताया और कहा कि जिस आदेश को लेकर प्रचार किया जा रहा है, ऐसा कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।वहीं गोंडा के मुकेश साहनी हत्याकांड के बाद संजय निषाद और माता प्रसाद पांडेय की मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि नेताओं की मुलाकात को कोई अलग राजनीतिक अर्थ नहीं दिया जाना चाहिए।आजमगढ़ में लगातार भाजपा का कमल नहीं खिलने के सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा—“अब तो खिलेगा।” उन्होंने कहा कि जिन जगहों पर भाजपा नहीं जीत सकी, उसका आजमगढ़ की जनता ‘ब्याज के साथ हिसाब’ करेगी।
