अतरौलिया में घर में सो रही छात्रा की सर्पदंश से मौत, परिवार में मचा कोहराम

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। थाना क्षेत्र के मठिया जप्ती माफी गांव में सोमवार रात एक दर्दनाक हादसे में घर में सो रही 12 वर्षीय छात्रा की कथित सर्पदंश से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी चंदन कुमार की 12 वर्षीय पुत्री राजनंदनी सोमवार रात अपनी मां सुनीता और छोटी बहन श्रेयांशी के साथ घर में सो रही थी। मंगलवार तड़के करीब चार बजे वह अचानक बेड से नीचे गिर गई। परिजनों ने उसकी हालत बिगड़ती देख पड़ोसियों को बुलाया। मौके पर पहुंचे लोगों ने उसके दाहिने पैर पर सर्पदंश जैसे निशान देखे, जिसके बाद उसे तत्काल अंबेडकरनगर के बसखारी स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।पड़ोसी बबलू कनौजिया के अनुसार, चिकित्सकों ने प्रारंभिक तौर पर सर्पदंश से मौत होने की बात कही। राजनंदनी पूर्व माध्यमिक विद्यालय उपटापार बांसगांव में कक्षा छह की छात्रा थी। उसके पिता चंदन कुमार जयपुर में प्लास्टर ऑफ पेरिस का कार्य कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार पर इस हादसे से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।घटना के बाद मां सुनीता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीण भी शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है और मामले की जानकारी ली जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *