आजमगढ़ में दुकानदार पर जानलेवा चाकू से हमला करने के मामले में दो वांछित आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के पहाड़पुर में दुकान पर बैठे युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित मोदनवाल और मिंटू मोदनवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को शनिवार को मुकेरीगंज से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को पहाड़पुर निवासी गुड्डू कुमार सोनकर ने तहरीर देकर बताया कि उनके भाई मनोज सोनकर अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान राहुल मोदनवाल और एक अन्य युवक के बीच विवाद हो रहा था। मनोज ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर राहुल मोदनवाल ने मिंटू मोदनवाल और उसके दामाद अमित मोदनवाल के कहने पर मनोज की गर्दन पर जान से मारने की नीयत से चाकू से वार कर दिया। हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।मामले में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने राहुल मोदनवाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी प्रभारी पहाड़पुर उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए शनिवार को दोपहर करीब 1:40 बजे मुकेरीगंज से अमित मोदनवाल और मिंटू मोदनवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र कुमार और कांस्टेबल पिंटू यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *