

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को अमर शहीद राजा जय लाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रन फॉर यूनिटी के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। साथ ही राष्ट्र की एकता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अस्पताल परिसर में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इसमें चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। अस्पताल परिसर में निकाली गई एकता दौड़ के जरिए लोगों को एकजुटता, शांति और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। इस अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए सीएमएस डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति से 560 से अधिक रियासतों का विलय कर देश को एकता के सूत्र में बांधने का ऐतिहासिक कार्य किया था। उनकी विचारधारा आज भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल विचारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि हमारे व्यवहार और कार्यशैली में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज समान है। बिना किसी भेदभाव के मरीजों की सेवा करना ही सच्ची देशसेवा है। चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंगकर्मी और अन्य कर्मचारी एक परिवार की तरह समर्पण एवं आपसी सहयोग से कार्य करें तो समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकती हैं। एकता और समर्पण की भावना से ही उत्कृष्ट जनसेवा संभव है।कार्यक्रम के अंत में डॉ. दिनेश प्रसाद सिन्हा ने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, नर्सिंगकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया। संचालन राघव वर्मा ने किया।इस दौरान अस्पताल के प्रमुख चिकित्सकों सहित नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
