


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो मोबाइल फोन, 5000 रुपये नगद, एक पैन कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, सिधारी थाना क्षेत्र की अली असद कॉलोनी निवासी अब्दुल्ला पुत्र मंसूर अहमद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने “क्यूटेक्स” नामक गेमिंग/ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से पैसा दोगुना करने का झांसा दिया। आरोपियों ने सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़कर लिंक भेजा और इसी के जरिए वादी तथा उसके परिजनों से करीब 1.5 करोड़ रुपये की साइबर ठगी कर ली।इस मामले में थाना साइबर क्राइम में मुकदमा संख्या 11/26 धारा 318(4), 319(2), 111(4) बीएनएस और 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।विवेचना के दौरान प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह और उनकी टीम ने सोमवार को सेमरहा क्षेत्र से मो. हारिस (30 वर्ष) पुत्र एजाज अहमद और अबू फाजिल (28 वर्ष) पुत्र मो. खालिद, निवासी ग्राम साहरिया थाना निजामाबाद को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 5000 रुपये नकद, एक पैन कार्ड और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक योगेंद्र प्रसाद यादव, कांस्टेबल एजाज खान, सभाजीत मौर्य, रामाश्रय यादव और चालक कांस्टेबल महिपाल यादव शामिल रहे।
