आजमगढ़ में हत्या के दो मामलों में 15 दोषियों को आजीवन कारावास, उत्कृष्ट पैरवी करने वाले 7 पुलिसकर्मी सम्मानित

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में हत्या के दो अलग-अलग मामलों में कुल 15 आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले 7 पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह सम्मान पुलिस कार्यालय में ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में दिया गया।पहला मामला थाना मुबारकपुर में दर्ज वर्ष 2002 के मुकदमे (धारा 147/148/149/302/120-बी भादवि) से जुड़ा है। इस प्रकरण में अदालत ने 12 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए सभी को आजीवन कारावास तथा प्रत्येक पर ₹66,500 का अर्थदण्ड लगाया। इस मामले में प्रभावी पैरवी और मॉनिटरिंग में अहम भूमिका निभाने वाले चार पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।दूसरा मामला थाना मेहनाजपुर में दर्ज वर्ष 2014 के हत्या के मुकदमे (धारा 302 भादवि व 3(2)(5) एससी/एसटी एक्ट) का है। इस मामले में न्यायालय ने तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही दो आरोपियों पर ₹25,000 तथा एक आरोपी पर ₹50,000 का अर्थदण्ड लगाया गया। इस मुकदमे में प्रभावी पैरवी करने वाले तीन पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, परिश्रम और सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कन्विक्शन के अंतर्गत प्रभावी पैरवी से अपराधियों को सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है और अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी तरह के प्रयासों के लिए प्रेरित किया गया।सम्मानित पुलिसकर्मी मुख्य आरक्षी गजानन सरोज, मुख्य आरक्षी शैलेन्द्र कुमार यादव, आरक्षी ओम प्रकाश यादव, आरक्षी इमरान अंसारी, आरक्षी कुलदीप पटेल, आरक्षी श्री प्रकाश यादव तथा आरक्षी तरुण पाण्डेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *