अतरौलिया में सिकंदरपुर–नरियांव मार्ग निर्माण शुरू, युवाओं ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर का ढोल-नगाड़ों से किया स्वागत

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर राजनीत

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया सिकंदरपुर–नरियांव मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत होने पर सोमवार को क्षेत्र के कनैला चौराहे पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के पंचायती राज कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर का युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। युवा कार्यकर्ता हनुमान निषाद के नेतृत्व में आयोजित गोष्ठी में मंत्री ने क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर की।कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सिकंदरपुर–नरियांव मार्ग और अहिरौला–कप्तानगंज मार्ग की हालत कई वर्षों से बेहद खराब थी, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि जब इस समस्या को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखा गया तो उन्होंने तत्काल सड़क निर्माण की स्वीकृति दे दी। उन्होंने कहा कि रविवार को भूमि पूजन किया गया और सोमवार से ही निर्माण कार्य शुरू हो गया, जो डबल इंजन सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।इस दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल यादव के हालिया बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव को लेकर सपा के दावे महज सपना हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेंगी।”उन्होंने यह भी कहा कि जब शिवपाल यादव स्वयं पांच वर्षों तक लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री रहे, तब उन्हें आजमगढ़ की जर्जर सड़कों की याद क्यों नहीं आई। मंत्री ने कहा कि आज का युवा जागरूक हो चुका है और अब वह केवल झंडा उठाने वाला कार्यकर्ता नहीं रहा, बल्कि उसे शिक्षा, रोजगार और सम्मान चाहिए।उन्होंने दावा किया कि बलिया, मऊ, गाजीपुर और आजमगढ़ जैसे जिलों में पिछड़ों और वंचितों की गोलबंदी से राजनीतिक समीकरण बदल रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन हरीबदन प्रजापति ने किया। इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *