


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ स्थानीय अमर शहीद राजा जयलाल सिंह शौ शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय प्रशासन ने स्वच्छता को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए “जीरो टॉलरेंस” नीति लागू कर दी है। अब अस्पताल परिसर में पान, गुटखा या तंबाकू खाकर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति से 200 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा और उससे गंदगी भी साफ कराई जाएगी।मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा ने बताया कि अस्पताल परिसर को स्वच्छ और संक्रमण मुक्त बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन के निर्देशानुसार अस्पताल में तंबाकू, पान या गुटखा खाना और थूकना पूर्णतः प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो पूरे परिसर में लगातार निगरानी करेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नियम केवल मरीजों और उनके तीमारदारों पर ही नहीं, बल्कि अस्पताल के सभी कर्मचारियों पर भी समान रूप से लागू होगा। जुर्माने की वसूली के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की रसीद बुक मंगवा ली गई है और चालान के माध्यम से यह राशि सरकारी खजाने में जमा कराई जाएगी।डॉ. सिन्हा ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक करना और उनकी सेहत की रक्षा करना है। उन्होंने बताया कि तंबाकू और गुटखे के कारण ओरल कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, जो एक गंभीर चिंता का विषय है।उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति गुटखा खाकर आता है, तो वह अस्पताल में प्रवेश करने से पहले बाहर ही थूक कर मुंह साफ कर ले, ताकि परिसर स्वच्छ और सुरक्षित बना रहे।
