आजमगढ़ : लाठी डंडे से पीट पीट कर युवक की हत्या, मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली गांव में गुरुवार रात 26 वर्षीय युवक की लाठी डंडे से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। जिससे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक की पहचान रोशन कुमार के रूप में हुई है, जो दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के अनुसार, रोशन कुमार बीती शाम अपनी मां से बाजार में लौंगलत्ता खाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात करीब 9 बजे उसके चचेरे भाई को फोन के जरिए सूचना मिली कि रोशन पियरिया धर्मशाला के पास घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रोशन छह भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां प्रभावती का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई। मृतक के भाई, रवि कुमार के अनुसार, रोशन बाज़ार जाने की बात कहकर घर से निकला था। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और एक पेड़ से बांधकर उसकी जमकर पिटाई की। हमलावरों ने न केवल उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, बल्कि उसके बाल भी उखाड़ दिए। बताया कि रोशन दिल्ली में एक फैक्ट्री में काम करता था और फिलहाल गांव में ही दिहाड़ी मजदूरी कर रहा था। परिजनों ने घटना के लिए स्थानीय निवासी एक परिवार के सदस्यों पर आरोप लगाया है। रवि कुमार का कहना है कि उनके परिवार की किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी।इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि गुरुवार रात कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भरौली गांव से सूचना प्राप्त हुई कि एक 26 वर्षीय युवक को चार लोगों ने लाठी डंडे से बुरी तरह से मारा है। जिसको अस्पताल ले जाया गया इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। चारों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जांच चल रही है अभी तक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है आगे जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *