

आजमगढ़। हरिश्चन्द्र मिश्रा पब्लिक स्कूल में “सिनेक्स” थीम पर आधारित प्रदर्शनी के अंतर्गत विद्यार्थियों ने आधुनिक युग के रोबोटिक्स, विज्ञान, गणित सामाजिक विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान, पर्यावरण, कला एवं भाषा विषयों से संबंधित विभिन्न नवाचार पूर्ण मॉडल्स, प्रोजेक्ट और प्रयोगात्मक झांकियों की प्रदर्शनी के जरिए अपनी उत्कृष्ट शिक्षा पद्धति को प्रदर्शित किया।प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण केंद्र एयरोडायनेमिक्स एवं ह्यूमनॉइड रोबोट रहा। रिमोट कंट्रोल द्वारा हवा में उड़ने वाले छोटे ड्रोन/विमान द्वारा अतिथियों पर पुष्प वर्षा ने सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय अटल कुमार राय (IAS) सचिव, गृह विभाग उ. प्र., अन्य गणमान्य अतिथियों एवं सम्मानित अभिभावकों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की। मुख्य अतिथि के कर कमलों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करने के साथ ही छात्र-छात्राओं द्वारा मेहनत और लगन से तैयार किए गए विभिन्न विषयों पर आधारित प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया। विधार्थियों के ज्ञान, प्रस्तुति कौशल एवं रचनात्मक शिक्षा प्रणाली की सराहना की।विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें भारत के विभिन्न प्रांत के पारंपरिक नृत्य, गीत-संगीत और थीम आधारित प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। अतिथियों ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रोजेक्ट्स /मॉडलों में तकनीकी नवाचार, वैज्ञानिक सोच और उनकी कला प्रस्तुति की प्रशंसा की। मुख्य अतिथि श्री अटल राय (IAS) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘स्कूल प्रदर्शनी’ छात्रों की रचनात्मकता और तकनीकी एवं वैज्ञानिक प्रयोग उनके उज्जवल भविष्य के लिए उत्कृष्ट मंच है, साथ ही उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई देते हुए कहा कि”ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण आत्मविश्वास और रचनात्मकता का विकास करते हैं।”कार्यक्रम के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर हरिश्चन्द्र मिश्रा पब्लिक स्कूल (HMPS) परिवार का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती ज्योति रिछारिया ने छात्रों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया साथ ही सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों, कर्मचारियों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
