

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,अतरौलिया । जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का 57वां जन्मदिन पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा और समर्पण के भाव के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह के नेतृत्व में जिला कार्यालय पर केक काटकर खुशियां मनाई गईं। कार्यकर्ताओं ने राजा भैया के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।जन्मदिन समारोह के बाद जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आजमगढ़ जिला चिकित्सालय पहुंचे। यहां विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया तथा अमर शहीद राजा जय लाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में भी मरीजों को फल बांटे गए। इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि पार्टी प्रत्येक वर्ष अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन सेवा कार्यों के माध्यम से मनाती है। पिछले वर्ष इस अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था, जबकि इस बार अस्पतालों में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर जन्मदिन मनाया गया। उन्होंने बताया कि जिले की विभिन्न तहसीलों और ब्लॉकों में भी पार्टी पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मरीजों और जरूरतमंदों के बीच फल वितरण किया। कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। साथ ही राजा भैया के उत्तम स्वास्थ्य, सुखमय जीवन और लंबी उम्र की कामना की। इस मौके पर रुद्र प्रताप जिला उपाध्यक्ष, जसवंत सिंह जिला महामंत्री, रमन सिंह, जय प्रताप सिंह, अस्पताल के समस्त स्टाफ मौजूद रहे
