आजमगढ़ टॉपटेन अपराधी विकास यादव की करीब 20 लाख की (मकान) संपत्ति कुर्क

आजमगढ़ क्राइम आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र के टॉपटेन अपराधी विकास यादव के खिलाफ पुलिस-प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को धारा 14(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत ग्राम रणमों स्थित करीब 20 लाख रुपये मूल्य के मकान को कुर्क कर लिया गया।पुलिस के अनुसार विकास यादव के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट-चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत 13 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुर्क की गई संपत्ति ग्राम रणमों में आराजी संख्या 185, रकबा 0.021 हेक्टेयर भूमि पर निर्मित करीब 148.501 वर्गमीटर क्षेत्रफल का मकान है। पुलिस का कहना है कि मकान का निर्माण अवैध रूप से अर्जित धन से किया गया था।जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ के न्यायालय में विचाराधीन वाद संख्या 2545/2026 में पारित आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेष कुमार पाण्डेय, तहसीलदार लालगंज उमेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष देवगांव सुनील कुमार सिंह तथा पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।टीम ने मकान के बाहर के दो दरवाजों और छत पर जाने वाले दरवाजे को ताले लगाकर सील कर दिया। कुर्क किए गए मकान की चाभी तहसीलदार लालगंज को सुपुर्द की गई।पुलिस के मुताबिक विकास यादव के खिलाफ वर्ष 2016 से 2024 तक हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 13 अभियोग दर्ज हैं। कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक सुरेश सिंह, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप दूबे समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *