

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। रौनापार थाना पुलिस ने 14 वर्षीय किशोरी को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में वांछित आरोपी लक्की राना को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, गोरखपुर के बड़हलगंज थाना क्षेत्र निवासी वादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि करीब चार महीने पहले उनकी नाबालिग बेटी को आरोपी लक्की अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और किशोरी को आरोपी के घर रखा गया, जहां बालिग होने पर शादी का आश्वासन दिया गया।आरोप है कि आरोपी लक्की राना समेत उसके परिवार के अन्य सदस्य किशोरी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे और अपमानजनक बातें कहते थे। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर 19 जुलाई 2026 को किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।पीड़ित पिता की तहरीर पर थाना रौनापार में मु.अ.सं. 207/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 21 जुलाई 2026 को कल्याणपुर पुलिया के पास से वांछित आरोपी लक्की राना (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
