

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। पवई थाना पुलिस ने दोहरे हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे ₹50 हजार के इनामी आरोपी को मंगलवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी संतोष यादव पर 9/10 जुलाई की रात पवई थाना क्षेत्र के हेवती गांव में पैतृक संपत्ति विवाद के चलते अपने सगे दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हेवती-ओरिल मार्ग स्थित रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की। पुलिस के रुकने के संकेत पर आरोपी भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। इसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जीवित कारतूस, तीन खोखा कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और ₹600 नकद बरामद किए हैं।
