

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर बुधवार को हरिऔध कला केंद्र में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर ऑफिसर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में निर्वाचन संबंधी दायित्वों, आयोग के दिशा-निर्देशों और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी गई।प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण, अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक तथा जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह मौजूद रहे।प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर मतदान केंद्रों की स्थिति, मूलभूत सुविधाओं, पहुंच मार्ग और संवेदनशीलता का जायजा लें। साथ ही कानून-व्यवस्था से जुड़े पहलुओं पर विशेष सतर्कता बरतें और निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं का समयबद्ध संकलन एवं प्रेषण सुनिश्चित करें।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने में जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूरी जानकारी रखें। किसी भी संवेदनशील स्थिति या समस्या की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दें।वहीं अपर पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में जानकारी दी। जिला विकास अधिकारी ने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने पर जोर दिया।प्रशिक्षण से 34 अधिकारी रहे नदारद, सीडीओ ने जताई नाराजगीप्रशिक्षण कार्यक्रम में 05 जोनल मजिस्ट्रेट और 29 सेक्टर मजिस्ट्रेट समेत कुल 34 अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य से जुड़े प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहना गंभीर विषय है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यों के प्रति गंभीरता और जिम्मेदारी बरतने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।प्रशिक्षण का उद्देश्य विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना तथा निर्वाचन प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक और क्षेत्रीय समन्वय को मजबूत करना रहा।
