राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आजमगढ़ के दो पुलिसकर्मियों को किया सम्मानित, ताइक्वांडो प्रशिक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिला प्रशस्ति-पत्र

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। ताइक्वांडो प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और समर्पण के लिए आजमगढ़ पुलिस के दो प्रशिक्षकों को प्रदेश की महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया है। सम्मानित होने वालों में रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी सुनील कुमार शिंदे एवं मुख्य आरक्षी अनामिका शुक्ला शामिल हैं।बुधवार, 11 नवंबर 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने पुलिस कार्यालय में दोनों प्रशिक्षकों को राज्यपाल द्वारा प्रदान किए गए प्रशस्ति-पत्र सौंपकर सम्मानित किया।बताया गया कि वामा सारथी की खेल पहल के तहत एसएसपी के निर्देशन में रिजर्व पुलिस लाइन और महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़ में बच्चों को ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दोनों प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में करीब 100 बच्चे उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।प्रशिक्षण का परिणाम भी शानदार रहा है। चार महिला खिलाड़ियों ने दक्षिण कोरिया से ब्लैक बेल्ट एवं मास्टर डिग्री प्राप्त की है। वहीं, उत्तर प्रदेश स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में 35 खिलाड़ियों में से 24 ने पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया, जबकि 10 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए हुआ। इसके अलावा इंटर-स्टेट स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में चार बालिकाओं ने स्वर्ण पदक जीतकर आजमगढ़ का गौरव बढ़ाया।इस पहल से बच्चों में खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास हो रहा है। दोनों पुलिस प्रशिक्षकों को मिले इस सम्मान से आजमगढ़ पुलिस और वामा सारथी परिवार में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *