


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। थाना फूलपुर क्षेत्र के ग्राम जौमा में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। 30 मार्च 2026 को हुए इस विवाद में गाली-गलौज के साथ जान-माल की धमकी दी गई और लाठी-डंडा, हंसिया व टांगी से जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए।घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी भी की गई।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 अप्रैल 2026 को इस मामले में वांछित दो अभियुक्तों अवनीश यादव और पतिराज यादव, निवासी ग्राम जौमा को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल राजीव यादव और कांस्टेबल सुनील यादव की टीम शामिल रही।
