


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता, आजमगढ़। में घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देने के लिए कॉमर्शियल और औद्योगिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दिए जाने से होटल, रेस्टोरेंट और बड़े खानपान प्रतिष्ठानों के सामने संकट खड़ा हो गया है। जिले में गैस की कमी की अफवाह के चलते गैस एजेंसियों पर भीड़ भी बढ़ गई है।सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 12.60 लाख गैस कनेक्शनधारी हैं, जिनमें 9.59 लाख घरेलू, 2.97 लाख उज्ज्वला योजना के लाभार्थी और 3615 कॉमर्शियल उपभोक्ता शामिल हैं। जिले में 83 गैस एजेंसियों के माध्यम से गैस की आपूर्ति होती है।गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि फिलहाल कॉमर्शियल सिलिंडरों का स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है। होटल और रेस्टोरेंट संचालक फिलहाल पहले से रखे स्टॉक के सहारे काम चला रहे हैं। सप्लाई लंबे समय तक बंद रही तो समस्या और बढ़ सकती है।इस बीच गैस संकट की आशंका के चलते मुनाफाखोर भी सक्रिय हो गए हैं। करीब 1500 रुपये का कॉमर्शियल सिलिंडर 1800-1900 रुपये तक और घरेलू सिलिंडर 1100 रुपये तक ब्लैक में बिकने की शिकायतें सामने आ रही हैं।अगर स्थिति लंबे समय तक बनी रही तो वैवाहिक और बड़े आयोजनों पर भी असर पड़ सकता है।जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि जिले में घरेलू गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।वहीं एजेंसी संचालकों का कहना है कि उपभोक्ता मोबाइल से बुकिंग और ई-केवाईसी जरूर कराएं, तभी सिलिंडर मिल सकेगा।
