किसानों की जमीन पर रातों-रात गाड़ दिए 33 हजार वोल्ट के खंभे, बिना सूचना और मुआवजे के काम कराने का आरोप

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

कृष्ण मोहन त्रिपाठी पर ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप, डीएम से शिकायत कर खंभे हटवाने की उठाई मांग

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जिले में किसानों की निजी जमीन पर 33 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन बिछाने के लिए कथित तौर पर रातों-रात बिजली के खंभे गाड़े जाने का मामला सामने आया है। मामला चिल्ड्रन इंस्टीट्यूट नर्सिंग कॉलेज के पीछे का बताया जा रहा है। इसको लेकर स्थानीय किसानों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने बिना पूर्व सूचना, सहमति और मुआवजा दिए उनकी जमीन पर विद्युत पोल लगाए जाने का आरोप लगाया है।ग्रामीणों का कहना है कि रात के अंधेरे में ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से उनकी जमीन पर बिजली के खंभे खड़े कर दिए गए। किसानों का आरोप है कि इस कार्य से उनकी खेती प्रभावित होगी और जमीन की उपयोगिता भी कम हो जाएगी। किसानों ने सवाल उठाया कि आखिर उनकी निजी जमीन पर बिना जानकारी और अनुमति के इस तरह काम कैसे कराया जा सकता है?इस पूरे मामले में ग्रामीणों ने कृष्ण मोहन त्रिपाठी पर रसूख का इस्तेमाल कर विद्युत पोल लगवाने का आरोप लगाया है। किसानों ने जिलाधिकारी को शिकायती ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जमीन पर लगाए गए खंभों को हटवाने की मांग की है।ग्रामीणों का कहना है कि खेती-किसानी ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन है। यदि उनकी जमीन पर इस तरह विद्युत लाइन बिछाई जाती है तो भविष्य में उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे मुख्यमंत्री से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक अपनी लड़ाई लड़ेंगे। वहीं, इस मामले में फोन पर कृष्ण मोहन त्रिपाठी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यह बिजली विभाग का काम है और उनका इससे कोई मतलब नहीं है।फिलहाल किसानों की शिकायत जिलाधिकारी तक पहुंच चुकी है। अब देखना होगा कि प्रशासन और बिजली विभाग इस मामले में क्या कदम उठाते हैं। क्या किसानों की जमीन पर लगाए गए विद्युत खंभों की जांच होगी और उन्हें न्याय मिल पाएगा?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *