

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए आजमगढ़ यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिले के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।यातायात पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का आवागमन आवास विकास तिराहा से काली चौरा तिराहा, हरवंशपुर तिराहा से बवाली मोड़ तथा शारदा चौराहा से मऊ रोड शंकर तिराहा तक दोनों दिशाओं में प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, भारी वाहनों और बसों का आवागमन बवाली मोड़ से भंवरनाथ चौराहा तथा पहलवान तिराहा से हरवंशपुर तिराहा की ओर प्रतिबंधित रहेगा।इन रास्तों से जाएंगे वाहनयातायात पुलिस ने वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। रोडवेज बसें रोडवेज तिराहा से बवाली मोड़, बंधा तिराहा, नरौली तिराहा और हाईडिल चौराहा होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगी। वाराणसी-जौनपुर मार्ग से आने वाली बसें पहलवान तिराहा से नरौली तिराहा, बंधा मोड़ तिराहा और बवाली मोड़ होते हुए रोडवेज पहुंचेंगी।इसी तरह गोरखपुर मार्ग से आने वाले वाहन बैठोली तिराहा से हाईडिल चौराहा और नरौली तिराहा होते हुए जाएंगे। जबकि अंबेडकरनगर-फैजाबाद की ओर से आने वाले वाहन भंवरनाथ चौराहा से हाफिजपुर चौराहा, बैठोली तिराहा, हाईडिल चौराहा और नरौली तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।यातायात पुलिस की अपीलयातायात पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें। प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का ही इस्तेमाल करें, ताकि श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने में परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
