


गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जिले में पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र और जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। जारी सूची के अनुसार अधिकारियों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों और महत्वपूर्ण शाखाओं के पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूची के मुताबिक पुलिस उपाधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर को नगर क्षेत्र से संबंधित जिम्मेदारियां दी गई हैं। उनके पर्यवेक्षण में मुबारकपुर, जहानागंज, गंभीरपुर और निजामाबाद थाना क्षेत्र रहेंगे। इसके साथ ही पुलिस लाइंस, चुनाव प्रकोष्ठ, एलआईयू, पासपोर्ट सेल तथा गैंगस्टर, गैंग पंजीकरण आदि कार्यों का भी पर्यवेक्षण करेंगे। पुलिस उपाधीक्षक आस्था जायसवाल को लालगंज क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पर्यवेक्षण में देवगांव, बरदह, मेहनगर, मेंहनाजपुर और तरवां थाना क्षेत्र होंगे। महिला संबंधी अपराधों के निस्तारण, महिला सम्मान प्रकोष्ठ, ड्रीम पावर लाइन परिवार परामर्श केंद्र और योजना से जुड़े कार्यों की भी जिम्मेदारी दी गई है। वहीं पुलिस उपाधीक्षक भूपेश कुमार पाण्डेय को फूलपुर क्षेत्राधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। उनके अधीन फूलपुर, सरायमीर, दीदारगंज और पवई थाना क्षेत्र रहेंगे। उन्हें भूमि विवाद संबंधी मामलों की समीक्षा एवं त्वरित निस्तारण तथा एंटी भू-माफिया से संबंधित कार्यों की निगरानी करनी होगी। भूपेश पांडेय ने 28 सितंबर को फूलपुर सर्किल का कार्यभार संभाला था। पुलिस उपाधीक्षक किरणपाल सिंह को नगर स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों का पर्यवेक्षण सौंपा गया है। इनमें यातायात, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, पत्र व्यवहार शाखा, हेल्थ कार्ड निर्माण एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति, जन शिकायत, आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन, शिकायत प्रकोष्ठ, सिटीजन चार्टर, कम्युनिटी पुलिसिंग, प्रशिक्षण एवं भर्ती तथा समाधान तहसील दिवस से संबंधित कार्य शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस उपाधीक्षक अजय प्रताप सिंह को क्षेत्राधिकारी आंकिक की जिम्मेदारी दी गई है। इस फेरबदल का उद्देश्य पुलिस विभाग के विभिन्न कार्यों की निगरानी और जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से निर्धारित करना बताया गया है।
