

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने फर्जी अभिलेखों के आधार पर मदरसे की मान्यता प्राप्त करने के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मामला मदरसा जामिया नूरुल उलूम, मुबारकपुर की स्थायी मान्यता से जुड़ा है।अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के पोर्टल सहायक आमिर हुसैन की ओर से 28 अगस्त 2026 को इस संबंध में प्रार्थना पत्र दिया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि वर्ष 1998 में मदरसे की स्थायी मान्यता के लिए प्रस्तुत किए गए भूमि संबंधी दानपत्र को कूटरचित/फर्जी पाया गया। आरोप है कि इसी दस्तावेज के आधार पर मदरसे को आलिया स्तर की स्थायी मान्यता मिली और बाद में मदरसे को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित किया गया।जांच के बाद उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से मान्यता निलंबित करने तथा संबंधित प्रबंध समिति और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए। इसके आधार पर मुबारकपुर थाने में मुकदमा संख्या 348/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) में केस दर्ज किया गया।29 सितंबर को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देवकली तारन मोड़ के पास घेराबंदी कर मुकदमे में वांछित मोहम्मद हामिद (54) निवासी बरईपुर, थाना मुहम्मदाबाद, मऊ और मोहम्मद आबिद (47) निवासी बरईपुर, थाना मुहम्मदाबाद, मऊ को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के विरुद्ध इसी मुकदमे का आपराधिक इतिहास दर्ज है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में व0उ0नि0 प्रदीप मिश्र और थाना मुबारकपुर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
