कालपी बार एसोसिएशन अध्यक्ष की हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया न्यायिक कार्य बहिष्कार

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की हत्या के विरोध में सोमवार को दीवानी न्यायालय के अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य से विरत रहे। हत्या से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।इससे पूर्व दीवानी न्यायालय अभिभाषक संघ की साधारण सभा की आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने तथा संचालन मंत्री अनुराग कुमार दीक्षित ने किया। बैठक में कालपी बार एसोसिएशन के चार बार अध्यक्ष रहे गयादीन अहिरवार की हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की गई।संघ के अध्यक्ष प्रभाकर सिंह ने प्रदेश सरकार से मांग की कि मृतक अधिवक्ता के परिजनों को पांच करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। इसके साथ ही अधिवक्ताओं ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को अविलंब लागू करने की मांग उठाई।बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने जुलूस निकाला और शासन के विरोध में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *