



गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत थाना निजामाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने ऐसे युवकों को चिन्हित किया जो इंस्टाग्राम पर ग्रुप बनाकर झुंड में घूमते हुए वीडियो और फोटो पोस्ट कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बनने की आशंका थी।जांच में इंस्टाग्राम आईडी “mr_jai_7177” से जुड़े आशीष चौहान (20 वर्ष), कृष्णा चौहान (19 वर्ष) और विकास चौहान (18 वर्ष) निवासी सालेपुर, थाना निजामाबाद को चिन्हित किया गया। पुलिस ने युवकों को उनके अभिभावकों और बाल कल्याण अधिकारी की मौजूदगी में थाना बुलाकर काउंसलिंग की तथा कानून व्यवस्था, यातायात नियमों और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी।पुलिस ने आशीष चौहान और कृष्णा चौहान के खिलाफ बीएनएस की धारा 126, 135 और 170 के तहत चालानी कार्रवाई की। साथ ही अभियान के दौरान दो मोटरसाइकिलों को भी सीज किया गया।निजामाबाद पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया के माध्यम से गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने, दबंगई दिखाने या आम जनता में भय का माहौल पैदा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
