77वां गणतंत्र दिवस: पुलिस लाइन आजमगढ़ में राष्ट्रभक्ति का भव्य संगम, मुख्य अतिथि ने ली परेड की सलामी, 570 पुलिसकर्मी हुए सम्मानित

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़।77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस लाइन, आजमगढ़ के परेड ग्राउंड में 26 जनवरी 2026 को भव्य परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह का आयोजन अत्यंत गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री (कारागार) उत्तर प्रदेश सरकार दारा सिंह चौहान ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त आजमगढ़ विवेक, पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी आजमगढ़ रविन्द्र कुमार द्वितीय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार सहित जनपद के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा भव्य परेड का निरीक्षण किया गया। परेड में कुल 09 टोलियां सम्मिलित रहीं, जिनका नेतृत्व प्रथम परेड कमाण्डर प्रेमसुख दरिया (प्रशिक्षणाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक), द्वितीय परेड कमाण्डर निरीक्षक शशीचन्द्र चौधरी तथा तृतीय परेड कमाण्डर एसआईएपी अभिषेक कुमार सिंह ने किया।परेड में नागरिक पुलिस, महिला पुलिस, पीएसी, होमगार्ड्स, सीईआर, एईआर, सीटीएस सहित विभिन्न पुलिस इकाइयों ने सहभागिता की। साथ ही वायरलेस, फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड, मोटरसाइकिल स्क्वायड, डायल-112 स्कॉर्पियो, ईगल मोबाइल, एंटी रोमियो, सर्विलांस, क्यूआरटी/स्वाट टीम (वज्र), आधुनिक कैमो फ्लाइज वाहन एवं फायर सर्विस द्वारा आधुनिक पुलिसिंग की प्रभावशाली झलक प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में 09 भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं, जिनमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। झांसी की रानी की शौर्यगाथा, देशभक्ति मिक्स सांग और लोकनृत्यों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन को डीजीपी प्रशंसा चिन्ह (Commendation Disc–Silver) से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कर्तव्यनिष्ठा के लिए आरक्षी विक्रम सिंह एवं आरक्षी राहुल सिंह को भी डीजीपी प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले कुल 570 पुलिस अधिकारी/कर्मचारी एवं पुलिस सहयोगी नागरिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *