
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। करतालपुर स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में इस वर्ष 77वां गणतंत्र दिवस सादगी और शोकपूर्ण वातावरण में मनाया गया। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती रेशमा सैय्यद के आकस्मिक निधन के कारण पूर्व निर्धारित सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।शिक्षिका के निधन से पूरा विद्यालय परिवार गहरे शोक में डूबा रहा। इस परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंधन ने यह निर्णय लिया कि गणतंत्र दिवस का आयोजन पूर्ण गरिमा और सादगी के साथ किया जाएगा।कार्यक्रम के तहत केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और संविधान एवं राष्ट्र के प्रति निष्ठा व्यक्त की गई। राष्ट्रगान के उपरांत उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत शिक्षिका को श्रद्धांजलि अर्पित की।विद्यालय प्रबंधन ने श्रीमती रेशमा सैय्यद के शैक्षिक योगदान और उनके व्यक्तित्व को याद करते हुए उन्हें एक समर्पित, कर्तव्यनिष्ठ एवं विद्यार्थियों के प्रति सदैव समर्पित शिक्षिका बताया।
