आजमगढ़ आकाशीय बिजली की चपेट में महिला की मौत, छह झुलसीं

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

धान के खेत में निराई के दौरान हुआ हादसा, दो की हालत गंभीर, जौनपुर जिला अस्पताल रेफर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़ बरदह। स्थानीय थाना क्षेत्र के लसड़ा कला गांव के सिवान में गुरुवार को धान के खेत में निराई कर रही महिलाओं पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह महिलाएं झुलस गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।बताया गया कि लसड़ा कला गांव के सिवान में महिलाएं धान के खेत में निराई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से नीतू देवी (40) पत्नी हरिकांत राम, गर्भवती अनीता देवी (40) पत्नी संतोष, रेनू देवी (35) पत्नी राजकुमार, राधिका देवी (50) पत्नी शाहजू राम, सरिता (27) पुत्री जगदीश, संजना (17) पुत्री रामभुवन और गीता देवी (54) पत्नी फूलचंद्र झुलस गईं। नीतू देवी, अनीता देवी और रेनू देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुजा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने नीतू देवी को मृत घोषित कर दिया। अनीता और रेनू की हालत गंभीर होने पर दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल जौनपुर रेफर कर दिया गया। वहीं राधिका, सरिता, संजना और गीता को 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ठेकमा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों को भी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। नीतू देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि नीतू के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक हुए हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना पर बरदह पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घटना की जानकारी मिलने पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व्यापार प्रकोष्ठ शैलेंद्र सिंह गुड्डू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों को सांत्वना दी और घायलों का हाल जाना। बेहतर उपचार के लिए संबंधित प्रभारी चिकित्सक से भी वार्ता की। आकाशीय बिजली की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतका के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने और सभी घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *