पांच साल से भूमि विवाद में भटक रहे फरियादी को मिला न्याय, पुलिस-राजस्व विभाग ने दिलाया कब्जा

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव निवासी कन्हैया पुत्र झिंगई पिछले करीब पांच वर्षों से भूमि विवाद को लेकर न्याय की आस में भटक रहे थे। जनसुनवाई के दौरान मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के संज्ञान में आने के बाद पुलिस और राजस्व विभाग ने समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद फरियादी को उसकी भूमि पर कब्जा मिल गया और अब वह अपनी जमीन पर खेती कर रहा है।कन्हैया का आरोप था कि उनके भाई उनकी भूमि पर कब्जा कर खेती करने का प्रयास कर रहे थे। इसके चलते उन्हें अपनी ही जमीन पर खेत जोतने-बोने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। करीब पांच वर्षों से चल रहे इस विवाद को लेकर वह लगातार अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे।मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने जनसुनवाई के दौरान तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल और थाना प्रभारी मुबारकपुर को प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मुबारकपुर पुलिस ने राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित किया। उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों की जांच-पड़ताल के बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए फरियादी को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाया गया। इसके बाद कन्हैया वर्तमान में अपनी भूमि पर काबिज होकर खेत में जोत-बोने का कार्य कर रहे हैं।न्याय मिलने के बाद कन्हैया भावुक हो गए। खुशी के आंसुओं के साथ वह अपने गांव से पुलिस कार्यालय पहुंचे और एसएसपी डॉ. अनिल कुमार का व्यक्तिगत रूप से आभार जताया। उन्होंने जनसुनवाई के माध्यम से अपनी समस्या का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण कराने के लिए एसएसपी की कार्यशैली की सराहना की और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि आमजन की समस्याओं का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण उसकी प्राथमिकता है तथा इस दिशा में लगातार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *