

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। न्यायालयों द्वारा जारी गैर-जमानती वारंटों (NBW) के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए आजमगढ़ पुलिस ने रविवार रात जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 32 गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। अभियान से पहले सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिसके बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई।थानावार कार्रवाई में रानी की सराय और मुबारकपुर से 7-7, गंभीरपुर से 5, कोतवाली से 4, अतरौलिया से 3, अहरौला से 2 तथा सिधारी, कंधरापुर, जहानागंज और जीयनपुर से 1-1 वारंटी को गिरफ्तार किया गया।एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि न्यायालयों के आदेशों का प्रभावी अनुपालन आजमगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले वारंटियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे।
