

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जहानागंज थाना क्षेत्र के भुजही मोड़ के पास मंगलवार सुबह एक स्कूल जीप पलटने से एक छात्र घायल हो गया। हादसे के समय जीप में एमएलटी/मां लालती देवी शिक्षा निकेतन के 13 बच्चे सवार थे। घायल छात्र को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज, चक्रपानपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, स्कूल जीप बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। रास्ते में भुजही मोड़ के पास अचानक सामने एक स्कूटी आ जाने से चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और जीप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।घायल छात्र की पहचान आदित्य पुत्र धर्मवीर, निवासी धर्मपुर के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार उसके कंधे पर चोट आई है। अन्य बच्चों को प्राथमिक जांच के बाद सुरक्षित घर भेज दिया गया।मामले में विद्यालय की मान्यता को लेकर भी सवाल उठे हैं। आरोप है कि संबंधित विद्यालय बिना मान्यता के संचालित हो रहा था। वर्ष 2025 में खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा निरीक्षण के दौरान विद्यालय में ताला भी लगवाया गया था और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके बावजूद विद्यालय के संचालन और सुरक्षा मानकों के विपरीत बच्चों के परिवहन का आरोप सामने आया है।सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि 14 जुलाई 2026 को भुजही मोड़ के पास यह दुर्घटना हुई। जीप में 13 बच्चे सवार थे। एक बच्चे को चोट आई है, जिसकी हालत अब सामान्य है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
