

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर में पूजा करा रहे पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर घर के मालिक अरविंद सिंह का विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर अरविंद सिंह ने घर में रखी पिस्टल से फायरिंग कर दी।फायरिंग में अरविंद सिंह की पत्नी बबीता समेत दो पंडितों को गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल तीनों की मौत हो गई। मृतकों में पंडित महेंद्र पाठक और एक अन्य पंडित शामिल बताए जा रहे हैं।बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम अरविंद सिंह के घर में पूजा चल रही थी। उस समय घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे। शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा। पूजा होते देखकर उसने पंडितों से जानकारी ली और बाद में उनसे आधार कार्ड मांगने लगा। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।आरोप है कि विवाद के दौरान अरविंद ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। प्रारंभिक जानकारी में राइफल से भी गोली चलाए जाने की बात सामने आ रही है। फायरिंग होते ही पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हथियार समेत फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। घटना के वास्तविक कारण और मौतों की आधिकारिक स्थिति पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
