

116 स्थानों पर चला सघन चेकिंग अभियान, 2,476 संदिग्धों की जांच, 778 वाहनों का चालान और दो वाहन सीज
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए आजमगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बुधवार को थाना कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया। इस दौरान उन्होंने आमजन और व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया और आपसी प्रेम, भाईचारे तथा सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।एसएसपी के निर्देशन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले और पूर्व से चिन्हित संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त के साथ संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को जिले के 116 चिन्हित स्थानों पर अभियान चलाकर 2,476 संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 778 वाहनों का चालान किया गया, जबकि दो वाहनों को सीज किया गया।पेशेवर और आदतन अपराधियों पर भी पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगभग 600 से 700 पुलिसकर्मियों की टीमें वर्दी और सादे कपड़ों में लगातार निगरानी कर रही हैं। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।इसके अलावा त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में संभ्रांत एवं वरिष्ठ नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों के माध्यम से पुलिस स्थानीय लोगों से संवाद और समन्वय स्थापित कर रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपदवासियों को आगामी त्योहारों की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं। किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ लगातार कार्रवाई करती रहेगी।
