
गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। जनपद में मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने नकली दूध बनाने के एक सनसनीखेज गिरोह का पर्दाफाश किया है। देवगांव थाना क्षेत्र के सोफीपुर गांव में घर के अंदर चल रही नकली दूध फैक्ट्री पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर टीम ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। छापेमारी के दौरान मौके से करीब 200 लीटर केमिकलयुक्त कृत्रिम दूध बरामद किया गया। इसके साथ ही पुलिस ने यूरिया, सोयाबीन तेल, खतरनाक केमिकल और मिलावट में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी कब्जे में ले लिए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी टैंकर से असली दूध निकालकर उसमें नकली दूध मिलाकर डेयरियों में सप्लाई कर रहा था, जिससे लोगों की सेहत के साथ बड़ा खिलवाड़ किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इस गोरखधंधे के मुख्य आरोपी संतोष कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मकान मालिक प्रमोद राय मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। आपको बता दे की पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद केमिकलयुक्त दूध का सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई से इलाके में नकली दूध माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
