आजमगढ़ के एसपी ग्रामीण चिराग जैन को गणतंत्र दिवस पर सिल्वर मेडल, 7 करोड़ के क़ीमत की गुमशुदा मोबाइल बरामद कर रचा कीर्तिमान

आजमगढ़ खास खबर आजमगढ़ शहर

गौरव श्रीवास्तव/अमन गुप्ता,आजमगढ़। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर आजमगढ़ में तैनात पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन को उनकी उत्कृष्ट, सराहनीय एवं जनहितकारी सेवाओं के लिए डीजीपी प्रशंसा चिन्ह (सिल्वर मेडल) से सम्मानित किया गया। एसपी ग्रामीण चिराग जैन के नेतृत्व में आजमगढ़ पुलिस ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य के हजारों गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाया। इस उल्लेखनीय कार्य से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ और प्रदेश स्तर पर आजमगढ़ पुलिस की कार्यशैली की सराहना की गई। प्रशस्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि“श्री चिराग जैन द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए अपराध नियंत्रण, जनसेवा एवं तकनीकी दक्षता के माध्यम से आम जनता को राहत पहुंचाई गई। गुमशुदा मोबाइल फोन की बड़े पैमाने पर बरामदगी कर उन्हें उनके स्वामियों तक पहुंचाना एक अनुकरणीय एवं प्रशंसनीय कार्य है, जो उत्तर प्रदेश पुलिस की सकारात्मक छवि को सुदृढ़ करता है।”इन्हीं उत्कृष्ट सेवाओं को दृष्टिगत रखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) द्वारा एसपी ग्रामीण चिराग जैन को यह सम्मान प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। आजमगढ़ पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित भव्य गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री कारागार दारा सिंह चौहान ने एसपी ग्रामीण चिराग जैन को सिल्वर मेडल पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। एसपी ग्रामीण चिराग जैन को मिले इस सम्मान से पूरे पुलिस महकमे में खुशी की लहर दौड़ गई और कर्मियों में नया उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *